अलवर, 7 जुलाई। श्री कृष्णा एकेडमी ऑफ लीगल एजुकेशन (SKALE) लॉ कॉलेज, अलवर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को सैंथली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में “विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों तथा विभिन्न विधिक योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य प्रेम प्रकाश ने की। वरिष्ठ अध्यापक धर्मवीर ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
शिविर में SKALE लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत एवं अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, नैतिक मूल्यों का पालन तथा माता-पिता एवं गुरुओं के सम्मान का संदेश भी दिया।
कॉलेज की वरिष्ठ विधि प्राध्यापिका डॉ. वन्दना सैनी ने भारतीय संविधान द्वारा नागरिकों को दिए गए मौलिक अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को ‘गुड टच और बैड टच’ के बारे में जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार के शोषण या अधिकारों के हनन पर आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
वरिष्ठ विधि प्राध्यापिका डॉ. लक्ष्मी सोनी ने पारिवारिक संपत्ति विवादों एवं उनके कानूनी समाधान पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. सुरभि बंसल ने साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े जोखिमों के बारे में जानकारी देते हुए सुरक्षित रहने के उपाय बताए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वोलंटियर मुबीन खान ने एसिड अटैक जैसे गंभीर अपराधों, पीड़ितों को मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता एवं प्रतिकर योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से किसी भी विधिक समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के निदेशक डॉ. संकेत यादव ने विद्यालय प्रशासन एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरेश चंद मीणा एवं प्रदीप यादव ने किया।
इस अवसर पर पूनम गौड़, संजय बेरखा, रजत गुर्जर, शिखा गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
