आगरा के कारीगर बना रहे रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और वन मंत्री संजय शर्मा होंगे कार्यक्रम में शामिल
अलवर, 13 अक्टूबर। अलवर में इस बार दशहरा महोत्सव आकर्षण, भव्यता और आधुनिक तकनीक के अनूठे संगम के साथ मनाया जाएगा। पुरुषार्थी समिति की ओर से 20 अक्टूबर को शहर के दशहरा मैदान में दशहरा समारोह आयोजित किया जाएगा। इस बार रावण दहन पारंपरिक तीर से नहीं, बल्कि रिमोट के जरिए किया जाएगा। खास बात यह है कि 65 फीट ऊंचा रावण न केवल हंसेगा, बल्कि अपने हाथ भी हिलाएगा। उसकी तलवार में विशेष लाइटिंग भी की जाएगी, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।
समिति के अध्यक्ष कुलदीप कालरा ने प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार 65 फीट ऊंचे रावण, 60 फीट ऊंचे कुंभकरण और 55 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। इन पुतलों के निर्माण के लिए आगरा से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं, जो दशहरा मैदान में आकर्षक और आधुनिक तकनीक से सुसज्जित पुतले तैयार कर रहे हैं।
रिमोट से होगा रावण दहन, हंसी और लाइटिंग बढ़ाएगी रोमांच
इस बार अलवर के दशहरा महोत्सव में रावण दहन का अंदाज पहले से अलग होगा। समिति अध्यक्ष कुलदीप कालरा के अनुसार, रावण के पुतले में विशेष तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। रावण हंसेगा, हाथ हिलाएगा और उसकी तलवार में लाइटिंग भी होगी। रिमोट के जरिए रावण दहन किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा भी पुतलों में कई नई विशेषताएं देखने को मिलेंगी।
आधुनिक तकनीक और भव्य आतिशबाजी के साथ आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम शहरवासियों के लिए खास आकर्षण बनने की उम्मीद है। दशहरा महोत्सव में हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए सिटिंग व्यवस्था भी बढ़ाई गयी है।
दोपहर 1 बजे पुरुषार्थी धर्मशाला से रवाना होंगी झांकियां
दशहरा समारोह की शुरुआत भव्झांकियों के साथ होगी। पुरुषार्थी धर्मशाला से दोपहर 1 बजे झांकियां रवाना होंगी। ये झांकियां शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई दशहरा मैदान पहुंचेंगी। झांकियों में धार्मिक और सांस्कृतिक आकर्षण देखने को मिलेंगे।
इस बार झांकियों के साथ आतिशबाजी भी विशेष आकर्षण रहेगी। समिति के अनुसार, झांकियों के रवाना होने के स्थान से लेकर दशहरा मैदान तक आतिशबाजी की व्यवस्था की जाएगी। गाजियाबाद से आए कारीगर दशहरा मैदान में आतिशबाजी करेंगे। झांकियों, आतिशबाजी और विशाल पुतलों के संगम से पूरा माहौल उत्सवमय बनाने की तैयारी है।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव होंगे मुख्य अतिथि
पुरुषार्थी समिति के संरक्षक राकेश अरोड़ा ने बताया कि दशहरा महोत्सव में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह और अलवर नगर निगम की महापौर सुमनलता अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
इसके साथ ही समाज के विभिन्न जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। समिति की ओर से आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
प्रेस वार्ता में समाज के अनेक लोग रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में अभिषेक तनेजा, सुदर्शन अरोड़ा, रमेश जुनेजा, लीलाधर कथूरिया, दीवान चंद सेतिया, राकेश अरोड़ा, केके मदान, तिलकराज झाम, पुरुषोत्तम मनचंदा, विशाल गांधी सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे। सभी ने दशहरा महोत्सव को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की।
अलवर में इस बार दशहरा महोत्सव केवल रावण दहन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पुतलों, रिमोट तकनीक, भव्य झांकियों और आतिशबाजी के जरिए शहरवासियों को एक यादगार उत्सव का अनुभव देने की तैयारी है।
