अलवर, 18 अक्टूबर । अलवर में खेल, पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली अलवर टाइगर मैराथन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा और अलवर नगर निगम महापौर सुमनलता अग्रवाल ने 7 फरवरी 2027 को आयोजित होने वाली अलवर टाइगर मैराथन की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर नगर परिषद भिवाड़ी की सभापति गुंजन खटाना ने मैराथन का प्रचार वीडियो लॉन्च किया। कार्यक्रम में आमजन और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रजिस्ट्रेशन कर मैराथन को सफल बनाने की अपील की गई।
पिछले साल 22 हजार से अधिक धावकों ने लिया था भाग
वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि केंद्रीय वन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 100 से अधिक ई-लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं। वहीं, अलवर सांसद खेल उत्सव के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित अलवर टाइगर मैराथन में 22 हजार से अधिक धावकों ने भाग लिया था। इस आयोजन से अलवर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। अब 7 फरवरी 2027 को होने वाली मैराथन को और अधिक सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने युवाओं और खेल प्रेमियों से आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर आयोजन में भाग लेने का आह्वान किया।
6 से 8 फरवरी तक मनेगा अलवर टाइगर फेस्टिवल
संजय शर्मा ने अलवर टाइगर मैराथन के अवसर पर वन विभाग की ओर से 6 फरवरी 2027 को अलवर बर्ड फेस्टिवल आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि जयपुर टाइगर फेस्टिवल की तर्ज पर अलवर में 6 से 8 फरवरी तक टाइगर फेस्टिवल मनाया जाएगा। इसके साथ ही 6 और 7 फरवरी को वन मेले का आयोजन भी किया जाएगा।
इन आयोजनों के माध्यम से अलवर की वन्यजीव संपदा, जैव विविधता और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के साथ शहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
महापौर ने स्वच्छता में अलवर को शीर्ष पर पहुंचाने की अपील की
नगर निगम महापौर सुमनलता अग्रवाल ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अलवर टाइगर मैराथन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की मैराथन से अलवर को व्यापक पहचान मिली है और इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी जरूरी है।
महापौर ने शहरवासियों से स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अलवर को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की। उन्होंने आमजन से 7 फरवरी 2027 को होने वाली मैराथन के लिए अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन कराने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान, उप महापौर अजय पुनिया, भिवाड़ी नगर परिषद सभापति गुंजन खटाना, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, क्रय-विक्रय समिति एवं सहकारिता बैंक अध्यक्ष संजय नरूका, निवर्तमान जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, अलवर टाइगर मैराथन संयोजक अरुण जैन, पूर्व सभापति अजय अग्रवाल, पंडित जलेसिंह, जितेंद्र राठौड़, सतीश यादव,नरेश गोयल, नारायण गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
