अलवर 09 अक्टूबर । सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को समय पर प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सहायता मिलना उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसी उद्देश्य से अलवर एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट की ओर से नेशनल अलवर फिजियोकॉन-2026 सीजन-02 के तहत रविवार, 11 अक्टूबर को कंपनी बाग में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को प्राथमिक उपचार देने के प्रति जागरूकता सत्र आयोजित किया जाएगा।
एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. सतीश शर्मा के अनुसार, जागरूकता सत्र सुबह 7:30 बजे शुरू होगा। इसकी थीम “First Aid to Road Accident Victims – Immediate Care, Right Action, Lives Saved” रखी गई है। कार्यक्रम में चिकित्सा विशेषज्ञों, मेडिकल विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सड़क दुर्घटना के दौरान घायल व्यक्ति की मदद करने के सही तरीकों की जानकारी दी जाएगी।
9 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दी जाएगी जानकारी
सत्र के मुख्य वक्ता डॉ. गौरव शर्मा, एमबीबीएस, एमडी मेडिसिन, एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर, सड़क दुर्घटना के घायलों को प्राथमिक उपचार देने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी देंगे।
प्रशिक्षण के दौरान घटनास्थल को सुरक्षित रखने, आपातकालीन सहायता के लिए 112 पर कॉल करने, घायल की सांस और एयरवे की जांच करने, जरूरत पड़ने पर सीपीआर देने, रक्तस्राव नियंत्रित करने तथा रीढ़ की संभावित चोट में सावधानी बरतने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा फ्रैक्चर की स्थिति में प्राथमिक प्रबंधन, जलने पर शुरुआती उपचार और शॉक से बचाव के तरीकों की जानकारी भी दी जाएगी।
डॉ. सतीश शर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के दौरान आम नागरिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। प्राथमिक उपचार की बुनियादी जानकारी होने से घायल व्यक्ति को समय पर सहायता दिलाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस जागरूकता सत्र में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम के माध्यम से “Be Prepared, Save Lives” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और सड़क सुरक्षा व प्राथमिक उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
नवंबर में आयोजित होगा नेशनल अलवर फिजियोकॉन-2026
अलवर एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट के तत्वावधान में नेशनल अलवर फिजियोकॉन-2026 सीजन-02 का आयोजन नवंबर माह में किया जाएगा। इस वर्ष कॉन्फ्रेंस की थीम “Movement for All: Inclusive Physiotherapy Practice, Research & Treatment” रखी गई है।
आयोजकों के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मेलन में राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से 200 से अधिक फिजियोथेरेपिस्ट, चिकित्सक और मेडिकल विद्यार्थी भाग लेंगे। सम्मेलन में फिजियोथेरेपी की आधुनिक उपचार पद्धतियों, शोध, समावेशी चिकित्सा अभ्यास और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे।
इस पहल का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में नई जानकारियों को साझा करने के साथ-साथ आम नागरिकों को सड़क दुर्घटना के समय सही कदम उठाने के लिए जागरूक करना है।
