अलवर, 02 मई 2026।
स्केल लॉ कॉलेज में मजदूर दिवस के अवसर पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों और चिरखाना-सैंथली गांव के ग्रामीणों को श्रमिक अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्रोफेसर सुरेंद्र यादव (सदस्य, राजस्थान पिछड़ा वर्ग आयोग) ने संविधान के तहत मजदूरों के अधिकारों, कानूनी सहायता और विभिन्न संवैधानिक प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पुलिस संरक्षण और साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में लॉ कॉलेज की नोडल अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सोनी और डॉ. वंदना सैनी ने बाल विवाह रोकथाम, बाल मजदूरी प्रतिबंध और बंधुआ मजदूरी उन्मूलन से संबंधित कानूनों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बंधुआ मजदूरों के पुनर्वास के प्रावधानों पर भी जानकारी साझा की।
सहायक आचार्य सुरेश चंद मीणा और प्रदीप यादव ने मजदूर दिवस के महत्व को समझाते हुए सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने अतिथि प्रोफेसर सुरेंद्र यादव का आभार व्यक्त किया और कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्ग, विशेषकर मजदूरों को विधिक सहायता प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
