दो बहनें ई-रिक्शा में सवार थीं, टक्कर के बाद वाहन पलटा और छात्रा उसके नीचे दब गई
अलवर, 02 मई। शहर के अम्बेडकर सर्किल से आगे जैन भवन कट पर एक कार ने ई-रिक्शा को टककर मार दी। घटना में ई रिक्शा पलट गया और उसमें सवार एक छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस पूरे हादसे की तस्वीरें आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई हैं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा में दो बहनें छवि अरोड़ा (12) और चेष्ठा (16) पुत्री प्रमोद अरोड़ा निवासी स्कीम नंबर 10 सवार थीं और वे स्कूल से छुट्टी के बाद ई रिक्शा में घर आ रही थीं। लेकिन रिक्शा चालक स्कीम 10 में ना मुड़कर आगे किसी सवारी को छोड़ने चला गया। जेल चौराहे से वापसी जैन भवन कट पर जैसे ही स्कीम 10 के लिए रिक्शा टर्न किया तभी अम्बेडकर सर्किल साइड से आई कार ने ई रिक्शा को टककर मार दी। टक्कर के बाद ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद छवि रिक्शे के नीचे दब गईं। हादसे को देख मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चियों को बचाया। लेकिन तब तक एक बहन की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार भी काफी ज्यादा नहीं थी। फिर भी बच्ची की मौत हो गई। बताया जा रहा है हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने सामान्य चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। आगे की कार्यवाही परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई होगी।
