उदयपुर, 15 अगस्त। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार रात राजस्थान के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। अमित शाह रविवार को निंबाहेड़ा और अलवर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
अमित शाह के राजस्थान दौरे के दौरान प्रदेश को 12,112 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिलेगी। इनमें सड़क, ऊर्जा, पेयजल, शिक्षा, डेयरी, स्वास्थ्य और लोक निर्माण से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं। साथ ही करीब 66.74 लाख किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छठी किस्त के 667.40 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से जारी किए जाएंगे।
निंबाहेड़ा में 5,659 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
अमित शाह रविवार को चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा पहुंचेंगे। यहां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस दौरान 15 जिलों के 5,659 करोड़ रुपये के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इनमें 442 कार्यों का शिलान्यास और 502 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
अलवर में 6,453 करोड़ के 954 विकास कार्यों की सौगात
अमित शाह इसके बाद अलवर पहुंचेंगे, जहां विजय नगर मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां 17 जिलों के 6,453 करोड़ रुपये के 954 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास प्रस्तावित है। इनमें 387 कार्यों का शिलान्यास और 567 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
अलवर कार्यक्रम में सरस डेयरी के करीब 200 करोड़ रुपये के नए प्लांट का शिलान्यास और मेडिकल कॉलेज के नए भवन का लोकार्पण भी प्रस्तावित है। इसके अलावा मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 10,548 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
अमित शाह के दौरे को देखते हुए उदयपुर और अलवर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। उदयपुर में डबोक एयरपोर्ट सहित प्रमुख स्थानों पर नो-फ्लाई जोन लागू किया गया है, जबकि अलवर शहर में भी ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
