अलवर 06 जुलाई 2026। शहर के काला कुआँ स्थित सेटेलाइट अस्पताल में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल के एक वार्ड में अचानक छत का प्लास्टर और पंखा गिरने से ड्यूटी पर मौजूद एक डॉक्टर के सिर में गंभीर चोट लग गई, जबकि पास में मौजूद एक महिला मरीज भी मलबे की चपेट में आकर घायल हो गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।ओपीडी में डॉक्टर रोजाना की तरह मरीजों को देख रहे थे तभी अचानक यह घटना हो गई।

घटना के बाद घायल डॉक्टर सीताराम अग्रवाल को और महिला मरीज टीना को तुरंत उपचार दिया गया। अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल भवन की जर्जर स्थिति पर नाराजगी जताते हुए समय रहते मरम्मत नहीं कराने पर सवाल उठाए।
अस्पताल की पीएमओ डॉ प्रमिला मीणा ने बताया कि भवन की मरम्मत के लिए बजट उपलब्ध था, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा समय पर मरम्मत का कार्य नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार सार्वजनिक निर्माण विभाग को अवगत कराया गया था, इसके बावजूद आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी है। साथ ही भवन की सुरक्षा जांच और आवश्यक मरम्मत कराने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है। यह हादसा सरकारी अस्पतालों की जर्जर होती आधारभूत संरचना और रखरखाव में लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
