अलवर | 16 अप्रैल 2026
अलवर की प्रसिद्ध मिठाई ‘कलाकंद’ को नई पहचान देने की दिशा में सरस डेयरी ने बड़ा कदम उठाया है। अलवर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ (सरस डेयरी) द्वारा शहर में अशोक सर्किल के पास पहले कलाकंद आउटलेट का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक गुप्ता, महा सिंह चौधरी, मोहित यादव, बलवान सिंह यादव और एडवोकेट बस्तीराम यादव मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने रिबन काटकर आउटलेट का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के बाद चेयरमैन नितिन सांगवान ने कहा कि अलवर का कलाकंद देश-दुनिया में अपनी खास पहचान रखता है, लेकिन उपभोक्ताओं को अक्सर शुद्धता को लेकर चिंता रहती थी। सरस डेयरी का यह आउटलेट अब “शुद्धता का भरोसेमंद पता” बनेगा, जहां पारंपरिक तरीके से बिना मिलावट के ताजा कलाकंद उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस पहल से न केवल उपभोक्ताओं को शुद्ध उत्पाद मिलेगा, बल्कि इससे सीधे तौर पर दुग्ध उत्पादक किसानों को भी फायदा होगा। सरस उत्पादों के विस्तार से किसानों को बेहतर कीमत और बोनस मिल सकेगा।
डेयरी प्रबंधन के अनुसार, यह अलवर शहर का पहला कलाकंद आउटलेट है और भविष्य में इसे अन्य प्रमुख स्थानों व राष्ट्रीय राजमार्गों तक विस्तारित किया जाएगा, ताकि अलवर का यह स्वाद देशभर में पहुंच सके।
आउटलेट संचालक अमित कुमार ने कहा कि आज के समय में मिलावट से बचना बेहद जरूरी है और लोगों को शुद्ध व भरोसेमंद उत्पादों का ही चयन करना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री ऋषिराज शर्मा, मंत्री गगनदीप सिंह, प्रवक्ता मुन्नालाल शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्मी नारायण गुप्ता, कार्यालय मंत्री मनोज चौहान, सोशल मीडिया प्रभारी अरुण जैन, भाजपा पदाधिकारी, डेयरी से जुड़े अधिकारी, दुग्ध उत्पादक किसान और शहर के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
