अलवर, 15 अगस्त । अलवर शहर के एमआईए औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक तेल पैकिंग फैक्ट्री में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई देने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आग के बढ़ते खतरे को देखते हुए एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों को खाली करवाया गया।
आग सुबह करीब 6 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब 1 बजे 18 दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
तेल होने के कारण तेजी से फैलने का था खतरा
नगर निगम के फायर अधिकारी अमित मीणा ने बताया कि फैक्ट्री में तेल होने के कारण आग तेजी से फैलने का खतरा बना हुआ था। सूचना मिलते ही दमकल की टीमों को मौके पर भेजा गया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से भी दमकलें बुलाई गईं।
फायर अधिकारी के अनुसार अलवर शहर के अलावा भिवाड़ी, खैरथल, तिजारा, महुआ, दौसा, खेड़ली, बहरोड़, भरतपुर, कोटपूतली, डीग और नीमराना सहित कई क्षेत्रों से दमकलें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के अभियान में सहयोग किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह से सीधे मौके पर पहुंचे वन मंत्री
तेल पैकिंग फैक्ट्री में आग की सूचना मिलने के बाद वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा स्वतंत्रता दिवस समारोह से सीधे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और अधिकारियों से आग की स्थिति तथा राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली।
मौके पर मौजूद अधिकारियों और दमकल कर्मियों ने उन्हें आग बुझाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से फैक्ट्री में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन भी किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर आग पर काबू पाने के बाद भी दमकल की टीमें मौके पर सतर्क रहीं।
घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। आग लगने के कारणों की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
