अलवर, 10 जुलाई 2026 | शहर के खदाना मोहल्ले में 80 वर्षीय बुजुर्ग दिनेश अग्रवाल की हत्या के मामले में शुक्रवार सुबह सामान्य चिकित्सालय में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। दोपहर में करीब एक बजे तीजकी श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मेडिकल बोर्ड में मेडिकल जूरिस्ट डॉ. सिद्धार्थ विजयवर्गीय, फिजिशियन डॉ. पियूष सोनी, सर्जन डॉ. देवेंद्र शर्मा तथा ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. कनक यादव सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे।
24 से 36 घंटे के भीतर हुई हत्या
चिकित्सकों ने प्रारंभिक जानकारी के आधार पर बताया कि बुजुर्ग की हत्या घटना से करीब 24 से 36 घंटे के भीतर हुई प्रतीत होती है। पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार दम घुटने से उनकी मृत्यु हुई है। हालांकि अंतिम राय एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही दी जाएगी।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
चिकित्स्कों ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। गले पर भी कोई स्पष्ट चोट का निशान नहीं पाया गया। ऐसे में मौत के कारणों की पुष्टि के लिए एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
