अलवर | 2 जुलाई 2026
अलवर शहर की पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा की अनुशंसा पर राज्य सरकार ने अलवर शहर में जलदाय विभाग के चतुर्थ उपखण्ड खोलने की घोषणा की है।
राज्यमंत्री संजय शर्मा ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा जलदाय विभाग मंत्री कन्हैया लाल चौधरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अलवर शहर में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और नया उपखण्ड इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि नए उपखण्ड के शुरू होने से वैशाली नगर, अंबेडकर नगर, सूर्य नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, रणजीत नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को पेयजल संबंधी समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान का लाभ मिलेगा।
नए उपखण्ड के अंतर्गत 4 सहायक अभियंता, 13 कनिष्ठ अभियंता तथा 7 मंत्रालयिक कर्मचारी कार्यरत रहेंगे, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था की निगरानी और शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी।
राज्य सरकार के इस निर्णय से अलवर शहर की बढ़ती आबादी को बेहतर पेयजल सेवाएं उपलब्ध कराने और जलदाय विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
