अलवर, 10 जुलाई2026। शहर में गुरुवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नगर निगम के पूर्व चेयरमैन के मामा दिनेश अग्रवाल (80) की उनके घर में हत्या कर दी गई। बदमाशों ने कथित तौर पर उनके हाथ-पैर बांध दिए और उसके बाद वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दिनेश अग्रवाल घर में अकेले रहते थे।उनका बेटा विकास स्कीम 4 में रहता है। वे पूर्व सीएमएचओ के चचेरे भाई भी बताए जा रहे हैं। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

घर में अकेले रहते थे बुजुर्ग
मृतक दिनेश अग्रवाल लंबे समय से अपने घर में अकेले रह रहे थे। फटे पुराने नोट बदलने का काम था जिस कारण उनके पास कैश हमेशा होता था।पड़ोसियों और परिचितों ने घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
हत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
खाना खाने नहीं पहुंचे तो हुआ खुलासा
मृतक के बेटे विकास ने बताया शाम पापा रोजाना की तरह खाना खाने नहीं आये। उन्होंने फोन किये तो वो भी नहीं लगा। उन्होंने मौके पर आकर देख तो अंदर से गेट बंद था। दूसरी चाबी से गेट खोल अंदर गए तो हत्या की घटना का पता चला। माना जा रहा है बदमाश छत के रास्ते से आये थे और हत्या कर फरार हो गए।
शहर में शोक और आक्रोश
शहर के प्रतिष्ठित अग्रवाल परिवार से जुड़े बुजुर्ग की हत्या की खबर फैलते ही लोगों में शोक और आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी पहुंचे घटनास्थल
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी शहर में हुई बुजुर्ग की हत्या की सूचना पाकर तुरंत ही घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली साथ ही पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जल्द से जल्द आरोपियों की पकडे। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध बढ़ रहा है लेकिन सरकार से क्राइम कंट्रोल नहीं हो रहा। अलवर में एक के बाद एक वारदात हो रही है और पुलिस कुछ नहीं कर पर रही है।
