अलवर, 09 अप्रैल।शहर में गुरुवार शाम उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई जब गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। आक्रोशित लोगों ने अग्रसेन सर्किल के पास सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी।
हिंदू नेता प्रेम सिंह राजावत ने आरोप लगाया कि अलवर जिले में लंबे समय से गोतस्करी हो रही है। उन्होंने कहा कि तिजारा, गोविंदगढ़, रामगढ़ और एक्सप्रेसवे के रास्ते रोजाना गोतस्करी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
उन्होंने सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि केवल आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग चौराहे पर जुट गए और आक्रोशित भीड़ ने पुलिस-प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालात को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।
