- Advertisement -

जयपुर में नकली सॉस-मेयोनीज़ फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई, 1400 किलो खाद्य सामग्री नष्ट, लाइसेंस निरस्त

- Advertisement -
- Advertisement -

जयपुर, 19 जून। जयपुर के खो नागौरियान क्षेत्र में संचालित नेचुरल ब्रांड की सॉस एवं मेयोनीज़ निर्माण फैक्ट्री पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1400 किलो खाद्य सामग्री नष्ट करवाई तथा 2280 किलो खाद्य सामग्री सीज कर दी। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर फैक्ट्री का खाद्य लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत गुरुवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय की टीम ने खो नागौरियान स्थित मैसर्स श्याम इंडस्ट्रीज पर आकस्मिक निरीक्षण किया।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में कई गंभीर खामियां सामने आईं। फर्श टूटा हुआ मिला, दीवारों पर आवश्यक टाइल्स और पेंट नहीं था तथा कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं थे। जांच में यह भी सामने आया कि भिवाड़ी और पालम के पते के नाम से मेयोनीज़ की पैकिंग की जा रही थी।

निरीक्षण टीम ने पाया कि वेजिटेबल सॉस में अत्यधिक मात्रा में रंग मिलाया जा रहा था तथा मेयोनीज़ निर्माण में उपयोग होने वाला स्टार्च बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा गया था। मौके पर रखे स्टार्च और सॉस में कीड़े पाए गए, जिसके बाद करीब 1400 किलो खाद्य सामग्री को तत्काल नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कॉन्टिनेंटल सॉस, ग्रीन चिली सॉस और मेयोनीज़ के नमूने जांच के लिए लिए हैं। वहीं करीब 2280 किलो खाद्य सामग्री को सीज किया गया है। नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भेजा गया है, जहां रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भारी अनियमितताओं को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही फैक्ट्री का खाद्य अनुज्ञा पत्र निरस्त करवा दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट की जानकारी मिलने पर तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

- Advertisement -
NCR Sandesh
NCR Sandeshhttps://ncrsandesh.in/
एनसीआर संदेश न सिर्फ मुख्यधारा की खबरों को कवर करता है, बल्कि उन आवाज़ों को भी मंच देता है जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। हमारी खबरों की ख़ासियत है – तेज़ अपडेट्स, निष्पक्ष दृष्टिकोण और गहराई से विश्लेषण।

Latest news

- Advertisement -

संबंधित खबरें

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here