जयपुर, 5 अप्रैल। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर प्रतियोगी परीक्षा-2025 का प्रथम चरण रविवार को प्रदेश के 26 जिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
आयोग के अनुसार प्रथम चरण की परीक्षा के लिए कुल 3,85,020 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से प्रथम सत्र (सामान्य हिंदी) की परीक्षा में 2,32,470 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि द्वितीय सत्र (सामान्य ज्ञान) में 2,30,863 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रवेश सत्यापन तथा निगरानी व्यवस्था के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई।
कल होगा द्वितीय चरण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा का द्वितीय चरण सोमवार 6 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा।
- प्रातः 11:00 से 1:00 बजे — सामान्य हिंदी
- दोपहर 3:00 से 5:00 बजे — सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान
आयोग ने सभी केंद्र प्रभारियों को सुरक्षा दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।
