नई दिल्ली | 16 अप्रैल 2026
महिला सशक्तिकरण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा 17 और 18 अप्रैल 2026 को देशभर में “नारी शक्ति वंदन रन” का आयोजन किया जाएगा।
यह राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम #नारीशक्तिवंदन थीम पर आधारित होगा और सात प्रमुख शहरों में आयोजित किया जाएगा। इनमें दिल्ली, कटक, पटना, मुंबई, इंदौर, बेंगलुरु और जयपुर शामिल हैं।
कार्यक्रम के तहत 17 अप्रैल को पटना और जयपुर में दौड़ आयोजित की जाएगी, जबकि 18 अप्रैल को अन्य शहरों में यह आयोजन होगा। हर शहर में यह दौड़ 2 से 3 किलोमीटर की होगी, जो प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह प्रतिभागियों के पंजीकरण से होगी, इसके बाद उद्घाटन सत्र आयोजित होगा जिसमें गणमान्य व्यक्तियों का संबोधन और “नारी शक्ति” की शपथ दिलाई जाएगी। अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं, पेशेवर महिलाओं, उद्यमियों, खिलाड़ियों और सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना है। इसमें माय भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) सहित कई संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है।
यह आयोजन संसद के चल रहे सत्र के दौरान किया जा रहा है, जिसमें महिलाओं के प्रतिनिधित्व और लोकतांत्रिक भागीदारी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो रही है। इस पहल के जरिए महिलाओं की भागीदारी को लेकर जागरूकता बढ़ाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को सशक्त बनाने और “विकसित भारत” के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
