अलवर, 07मई । जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बुलेट बाइक से पटाखों जैसी आवाज निकालकर स्टंट करने को लेकर विवाद हो गया। पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने के बाद भीड़ ने थाने पर पथराव कर दिया। घटना में थाना अधिकारी धर्म सिंह सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया।
आरोप है कि भीड़ ने पुलिस पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया तथा पुलिस वाहन के शीशे भी तोड़ दिए। घटना के बाद थाने परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी देर रात ही मौके पर पहुंच गईं और पूरे घटनाक्रम की कमान संभाली। उनके नेतृत्व में मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही अलवर जिले के आधे से ज्यादा थानों की पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को संभाला। फिलहाल थाने के बाहर और आसपास भारी पुलिस बल तैनात है। रात से ही उपद्रवियों की धरपकढ जारी है।
एडिशनल एसपी ने बताया कि उपद्रवियों के खिलाफ मामला नामजद मामला दर्ज कर लिया है। अब तक करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद में शामिल अधिकांश आरोपी थाने के आसपास की कॉलोनियों के रहने वाले हैं। पुलिस ने साफ किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
