अलवर 5 सितंबर 2026। बीएल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महान शिक्षाविद एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अलवर मेडिकल कॉलेज की एडिशनल डीन डॉ. कविता यादव रहीं। विद्यालय की प्राचार्य सुमन बिलखा ने पुष्प भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद मां सरस्वती और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

विद्यार्थियों ने निभाई शिक्षकों की भूमिका
शिक्षक दिवस के अवसर पर कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं ने एक दिन के लिए शिक्षकों की भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने विभिन्न कक्षाओं में अध्ययन कराया और शिक्षण कार्य का अनुभव लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
कार्यक्रम में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं व्यक्तित्व पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय के समस्त शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. कविता यादव ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक एवं शिक्षाप्रद संबोधन देते हुए डॉ. राधाकृष्णन के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्राचार्य सुमन बिलखा ने विद्यार्थियों से शिक्षकों द्वारा बताए गए मार्ग का अनुसरण करते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
