अलवर, 11 जून । शहर की स्कीम नंबर-10 स्थित पेंशनर भवन में कथित अनैतिक गतिविधियों के संचालन का मामला सामने आने के बाद बुधवार देर रात हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलने पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद सहित सामाजिक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को भी बुलाना पड़ा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पेंशनर भवन के चपरासी रामचंद्र को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार पेंशनर भवन में लंबे समय से अवैध और अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि चपरासी रामचंद्र लोगों से पैसे लेकर भवन के कमरे उपलब्ध कराता था। मामले की भनक लगने पर संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया।
पेंशनर भवन संस्था के अध्यक्ष मधुसूदन शर्मा ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी देर रात मिली। उन्होंने बताया कि संस्था को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि भवन का चपरासी इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल है। शर्मा ने कहा कि पेंशनर भवन वरिष्ठ नागरिकों की संस्था है और यहां इस तरह की घटनाएं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। संस्था जल्द बैठक बुलाकर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
इस मामले को लेकर बजरंग दल के वरिष्ठ नेता प्रेम सिंह राजावत ने बताया कि संगठन के कार्यकर्ता शहर में धर्मांतरण जैसी गतिविधियों की सूचनाओं की पड़ताल कर रहे थे और इसी दौरान उन्हें पेंशनर भवन में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। इसके बाद कार्यकर्ता वहां पहुंचे, जहां कथित अनैतिक गतिविधियों का मामला सामने आया।
राजावत ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार और पुलिस का दायित्व है, लेकिन सामाजिक सरोकारों से जुड़े मामलों में संगठन के कार्यकर्ता भी समाजहित में आवाज उठाते हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि मामले में रामचंद्र नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
वायरल वीडियो में चपरासी ने कबूला जुर्म
पेंशनर भवन में कथित अनैतिक गतिविधियों के खुलासे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला भी मौके पर खड़ी दिखाई दे रही है। वायरल वीडियो में चपरासी रामचंद्र कथित रूप से भवन में कमरे उपलब्ध कराने और अवैध गतिविधियां संचालित कराने की बात स्वीकार करता नजर आ रहा है। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं के मौके पर पहुंचने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
