अलवर, 14 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अलवर के नवीन सूचना केंद्र में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम आधारित प्रदर्शनी में जिले के प्रभारी मंत्री एवं कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से अलवर सहित पूरे राजस्थान में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए डॉ. मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में गरीबी उन्मूलन, आधारभूत ढांचे, कृषि, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। इस दौरान पद्मश्री भपंग वादक गफरुद्दीन खान मेवाती और उनके दल ने लोकगीतों के माध्यम से सरकारी योजनाओं को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया।
अलवर में विकास परियोजनाओं की लंबी श्रृंखला
प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. मीणा ने कहा कि अलवर को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे, आरआरटीएस कॉरिडोर, रेलवे स्टेशन आधुनिकीकरण, रामजल सेतु परियोजना और पेयजल योजनाओं जैसी महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं।
उन्होंने बताया कि:
- अलवर रेलवे स्टेशन का 111 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
- रामगढ़ में 101 करोड़ रुपये की लागत से आरओबी का निर्माण होगा।
- अलवर-भरतपुर चंबल वृहद पेयजल परियोजना से जिले को दीर्घकालिक जल समाधान मिलेगा।
- डढीकर में 300 एमसीएम क्षमता का जलाशय और नीमराना में कृत्रिम जलाशय विकसित किया जाएगा।
- नटनी का बारा वियर से जयसमंद बांध तक नहर उन्नयन कार्य जारी है।
- रूपारेल नदी पुनर्जीवन परियोजना विभिन्न चरणों में प्रगतिरत है।
पर्यटन, पर्यावरण और शिक्षा को भी प्राथमिकता
डॉ. मीणा ने कहा कि अलवर को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बाबा भर्तृहरि धाम, कांकवाड़ी किला, अजबगढ़, कुशालगढ़-टहला और अन्य धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ‘ग्रीन लंग्स मुंगस्का’, मातृ वन और नगर वन जैसी परियोजनाएं शुरू की गई हैं। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिले में 35 लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं।
शिक्षा और खेल क्षेत्र में महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज, कृषि महाविद्यालय, कन्या महाविद्यालय भवन तथा 10 करोड़ रुपये की लागत से हॉकी एस्ट्रोटर्फ का निर्माण भी प्रगतिरत है।
विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य
डॉ. मीणा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल परियोजनाएं शुरू करना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार और आमजन मौजूद रहे।
