अजमेर, 17 अप्रैल 2026
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर में कानून-व्यवस्था, भूमाफिया गतिविधियों और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में उन्होंने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम लोगों, खासकर गरीबों को किसी भी तरह से परेशान करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि एक गरीब व्यक्ति अपनी पूरी जिंदगी की कमाई लगाकर प्लॉट खरीदता है, ऐसे में यदि कोई भूमाफिया उसे परेशान करता है तो उसके खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक हर्ष अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ सहित अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि अजमेर में भी जयपुर की तर्ज पर यातायात पुलिस बल बढ़ाया जाए और प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों व बॉटलनेक पॉइंट्स पर व्यवस्था मजबूत की जाए। उन्होंने कहा कि व्हाइट लाइन के अंदर ही वाहन और ठेले खड़े हों, ताकि यातायात बाधित न हो।
विशेष रूप से जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के आसपास, ऋषि घाटी और बारादरी क्षेत्र में जाम की समस्या को दूर करने के निर्देश दिए गए। बारादरी में प्रवेश टिकट व्यवस्था को भी अंदर शिफ्ट करने की बात कही गई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने दरगाह क्षेत्र में अवैध घुसपैठियों और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही बाहरी राज्यों और देशों से अवैध रूप से आए लोगों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने शहर में बढ़ती भिखारियों की संख्या और असामाजिक तत्वों पर भी चिंता जताई। निर्देश दिए गए कि संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा देर रात तक खुले रहने वाले कैफे, होटल और अन्य स्थानों पर नियमित जांच और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने को कहा गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि शहर में ऐसा माहौल बने जहां महिलाएं, बच्चे और आमजन बिना डर के आवाजाही कर सकें।
