अलवर 5 सितंबर 2026। नयाबास स्थित राजदीप एकेडमी स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह उत्साह, उल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शिक्षकों का अभिनंदन एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था प्रधान कुलदीप शर्मा ने कहा कि शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें जीवन की सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य अच्छे संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं से युक्त आदर्श जीवन का निर्माण करना है।

उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा का सदुपयोग करते हुए जीवन को सार्थक बनाने और अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों से जताया शिक्षकों के प्रति सम्मान
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों एवं अभिव्यक्तियों के माध्यम से अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और भावनाओं को व्यक्त किया। वहीं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्र व समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पूनम शर्मा, अंजू नेगी, ललिता नरूका, सावित्री सैनी, गौरव जैन, शालू सिद्ध, हिमांशु डागुर, पूर्वांशी शर्मा, अंजली सैनी, तन्वी गोयल, दिया सैनी, मंदाकिनी देवी और अंजली नरूका सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
सभी ने शिक्षक दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय का पूरा परिसर गुरुजनों के सम्मान और विद्यार्थियों के उत्साह से सराबोर नजर आया।
