अलवर, 15 जुलाई 2026। सरिस्का बाघ परियोजना के तालवृक्ष रेंज अंतर्गत तुलसीवाला गांव से बुधवार को एक बाघ का कठिन परिस्थितियों में सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। इस दौरान वन विभाग आरोप है कि टीम को स्थानीय स्तर पर सहयोग के अभाव और विरोध का सामना करना पड़ा। ऑपरेशन के दौरान पथराव होने से विभाग के कई कर्मचारी घायल हो गए, जबकि विभाग के चार वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

उप वन संरक्षक, बाघ परियोजना सरिस्का की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, बाघ का रेस्क्यू अभियान पूरे दिन चला। ऑपरेशन के दौरान एक व्यक्ति भी घायल हो गया। अंतिम चरण में भीड़ द्वारा किए गए पथराव में वन विभाग के कई कर्मचारियों को चोटें आईं।
वन विभाग ने बताया कि विषम परिस्थितियों के बावजूद टीम ने धैर्य और पेशेवर तरीके से कार्य करते हुए बाघ का सुरक्षित रेस्क्यू करने में सफलता हासिल की। घायल कर्मचारियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
विभाग ने आमजन से अपील की है कि भविष्य में इस प्रकार के वन्यजीव रेस्क्यू अभियानों के दौरान विभागीय टीम का पूरा सहयोग करें, ताकि वन्यजीवों के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।
साथ ही वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि पथराव, हिंसा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
