मनीष बावलिया /अलवर, 18 जून। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) क्षेत्रीय कार्यालय अलवर द्वारा 19 जून को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के तहत प्रोत्साहन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नई दिल्ली से प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ किया जाएगा, जबकि अलवर में इसका क्षेत्रीय आयोजन प्रताप ऑडिटोरियम में शाम 4 बजे होगा।
प्रेस वार्ता में ईपीएफओ अलवर के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम भूपेंद्र यादव ने बताया कि कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री एवं अलवर शहर विधायक संजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर विशिष्ट अतिथि रहेंगे। विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, नियोक्ता तथा कर्मचारी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लेंगे।
यादव ने बताया कि जिले में 2500 कर्मचारियों (लाभार्थियों) तथा 561 नियोक्ताओं को योजना के तहत करोड़ों की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जानी है। यह योजना युवाओं को औपचारिक रोजगार से जोड़ने और उद्योगों को नए रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
क्या है PM-विकसित भारत रोजगार योजना
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी रोजगार प्रोत्साहन योजना है, जिसका उद्देश्य देश में नए रोजगार अवसरों का सृजन करना और पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। योजना का संचालन श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा EPFO के माध्यम से किया जा रहा है।
योजना के तहत पहली बार औपचारिक क्षेत्र में नौकरी करने वाले पात्र कर्मचारियों को 15,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। वहीं नए रोजगार देने वाले नियोक्ताओं को भी प्रति कर्मचारी निर्धारित प्रोत्साहन प्रदान किया जाता है, जिससे उद्योगों को अधिक भर्ती के लिए बढ़ावा मिलता है।
केंद्र सरकार का लक्ष्य इस योजना के माध्यम से देशभर में करोड़ों नए रोजगार अवसर सृजित करना तथा युवाओं को संगठित क्षेत्र से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
ईपीएफओ अलवर के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम भूपेंद्र यादव ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों और नियोक्ताओं को योजना के लाभों के प्रति जागरूक करना तथा रोजगार सृजन को नई गति देना है।
