अलवर, 26 मई ।
अलवर शहर के फूल बाग में सीए पूजा झिरीवाल द्वारा लिखित पुस्तक “वाइट पोलोटिक्स” का विमोचन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर पर्यावरणविद् एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेश कृष्ण सिद्ध तथा पूर्व पार्षद गौरी शंकर विजय सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुस्तक की लेखिका सीए पूजा झिरीवाल ने कहा कि “वाइट पोलोटिक्स” समाज और राजनीति में स्वच्छ सोच, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि आज की राजनीति में युवाओं की सकारात्मक भागीदारी और ईमानदार सोच बेहद जरूरी है।
पुस्तक का विमोचन करते हुए भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को ऐसी पुस्तकों और विचारों की अत्यंत आवश्यकता है, जो राजनीति को स्वच्छ दिशा देने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा और जनविश्वास का सबसे बड़ा मंच है। जब राजनीति में साफ छवि, ईमानदार सोच और समाज के प्रति जवाबदेही रखने वाले लोग आगे आते हैं, तभी लोकतंत्र मजबूत होता है।
उन्होंने आगे कहा कि आज देश का युवा राजनीति को नए नजरिये से देख रहा है। युवाओं में बदलाव की इच्छा है, लेकिन उन्हें सही मार्गदर्शन और सकारात्मक विचारों की जरूरत है। “वाइट पोलोटिक्स” जैसी पुस्तकें युवाओं को राजनीति के वास्तविक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेंगी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी सफल हो सकता है, जब राजनीति में विचारों की शुचिता, संवाद की मर्यादा और जनता के प्रति समर्पण बना रहे।
भंवर जितेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि समाज में बढ़ती कटुता और व्यक्तिगत स्वार्थ की राजनीति के बीच इस प्रकार के वैचारिक प्रयास उम्मीद की नई किरण हैं।
उन्होंने लेखिका पूजा झिरीवाल की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी यदि इसी प्रकार सामाजिक सरोकारों और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेगी, तो देश की राजनीति निश्चित रूप से नई दिशा प्राप्त करेगी।
शहर के अनेक राजनीतिज्ञयो ने पुस्तक के विषय और उसके सामाजिक संदेश की सराहना करते हुए इसे युवाओं और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणादायक बताया है ।
