अलवर, 17 अप्रैल। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने शुक्रवार को राजगढ़ और रैणी क्षेत्र का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा संस्थानों और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रैणी सहित माचाड़ी, ढिगावड़ा और कोठारी बास में चल रहे विभिन्न कार्यों का जायजा लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने ढिगावड़ा में खराब बोरिंग के उपयोग से बनाए गए रिचार्ज सिस्टम का निरीक्षण किया और इसे जल्द चालू कराने के निर्देश दिए। साथ ही जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ऐसे मॉडल अन्य स्थानों पर भी विकसित करने की बात कही। स्कूल परिसर में विकसित खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मार्किंग कार्य कराने के निर्देश भी दिए।
माचाड़ी में कलेक्टर ने ऐतिहासिक बावड़ियों के जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से संवाद करते हुए जल संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बावड़ियों का संरक्षण न केवल जल स्तर सुधारने में मदद करेगा बल्कि ग्रामीण पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।
कोठारी बास में बंद पड़े स्कूल भवन के उपयोग को लेकर निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि इसे किसी सरकारी विभाग के संचालन या लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया जाए और परिसर में पौधारोपण भी कराया जाए।
सीएचसी रैणी में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी, इमरजेंसी, लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए लू और तापघात से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों के लिए पेयजल, छाया, पंखे और कूलर जैसी सुविधाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में त्वरित उपचार सुनिश्चित किया जाए और मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान मरीजों से फीडबैक भी लिया गया, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं को संतोषजनक बताया गया।
