करौली/जयपुर, 17 अप्रैल 2026
राजस्थान के करौली जिले के नादोती उपखंड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीएम, उनके रीडर और एक वरिष्ठ सहायक को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान 60 हजार रुपये की रिश्वत राशि के साथ-साथ 4 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी भी बरामद की गई है।
एसीबी के अनुसार, उपखंड अधिकारी काजल मीना ने अपने रीडर दिनेश कुमार सैनी के माध्यम से एक परिवादी से उसकी भूमि से जुड़े मामले में फाइनल डिक्री जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायत में बताया गया कि पहले एक लाख रुपये की मांग की गई, बाद में 50 हजार रुपये पर सहमति बनी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान यह सामने आया कि एसडीएम के लिए 50 हजार रुपये और रीडर के लिए 10 हजार रुपये अलग से मांगे गए थे। योजना के अनुसार, परिवादी को 16 अप्रैल को एसडीएम कार्यालय नादोती बुलाया गया, जहां रिश्वत की राशि ली जानी थी।
एसीबी टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और जैसे ही 60 हजार रुपये की रिश्वत राशि ली गई, तुरंत तीनों आरोपियों—एसडीएम काजल मीना, रीडर दिनेश सैनी और वरिष्ठ सहायक प्रवीण धाकड़—को पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के दौरान एक बैग से 60 हजार रुपये की रिश्वत राशि के अलावा 4 लाख रुपये की अतिरिक्त संदिग्ध नकदी भी बरामद हुई। इस रकम के स्रोत को लेकर एसीबी द्वारा पूछताछ जारी है।
इस पूरी कार्रवाई को एसीबी सवाई माधोपुर टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अंजाम दिया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
