अलवर, 06 फरवरी।वन्यजीव संरक्षण, फिटनेस और पर्यटन को एक साथ जोड़ने वाली देश की पहली मैराथन अलवर टाइगर मैराथन का आयोजन 8 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा। इस मेगा इवेंट में देश-विदेश से आए नामचीन एथलीटों के साथ-साथ 18,500 से अधिक धावक हिस्सा लेंगे। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना है, जो आयोजन की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
अलवर टाइगर मैराथन के संयोजक अरुण जैन ने बताया कि यह केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि टाइगर संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि 8 फरवरी को अलवर विकास, फिटनेस और वन संरक्षण की दिशा में एक नई पहचान स्थापित करेगा।
90 लाख से अधिक की इनामी राशि, देश की सबसे बड़ी मैराथनों में शामिल
मैराथन की विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को कुल 90 लाख 37 हजार 500 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
ओवरऑल मैराथन (पुरुष/महिला): 18-18 लाख रुपये
हाफ मैराथन (पुरुष/महिला): 18.10 लाख रुपये
फोर्स रन, 10 किमी रन, कॉरपोरेट रन और पैरा रन में भी आकर्षक पुरस्कार
यह इनामी राशि अलवर टाइगर मैराथन को देश की सबसे बड़ी पुरस्कार राशि वाली मैराथनों में शामिल करती है।
केन्या-इथियोपिया के एलीट धावक बढ़ाएंगे मुकाबले का स्तर
मैराथन में केन्या और इथियोपिया सहित कई देशों के विश्वस्तरीय एथलीट हिस्सा लेंगे, जिनका अंतरराष्ट्रीय मैराथन और हाफ मैराथन में शानदार रिकॉर्ड रहा है। इससे अलवर टाइगर मैराथन को वैश्विक पहचान मिलने की उम्मीद है।

500 दिव्यांगजन पैरा मैराथन में लेंगे भाग
वी-शक्ति संस्थापक प्रज्ञा यादव ने बताया कि इस बार करीब 500 दिव्यांगजन पैरा मैराथन में भाग लेकर आत्मनिर्भरता और समावेशी भारत का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के मार्गदर्शन में यह आयोजन अलवर के चहुंमुखी विकास को गति देगा।

मैराथन का पूरा शेड्यूल
हाफ मैराथन एलीट पुरुष: कॉल टाइम 5 बजे | शुरुआत 6 बजे
हाफ मैराथन एलीट महिला: कॉल टाइम 5 बजे | शुरुआत 6:02 बजे
10 किमी ओपन रन: शुरुआत 7:10 बजे
10 किमी कॉरपोरेट रन: शुरुआत 7:15 बजे
5 किमी शक्ति रन: शुरुआत 8 बजे
2 किमी पैरा रन (व्हीलचेयर): शुरुआत 8:45 बजे
सभी दौड़ प्रताप ऑडिटोरियम के बाहर से शुरू होंगी।
मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि
भाजपा के मिडिया प्रभारी लक्ष्मीनारायण गुप्ता ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि होंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव, ब्रांड एंबेसडर रणदीप हुड़्डा, वन एम पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा शामिल होंगे।
