नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही “कॉकरोच जनता पार्टी” (CJP) के पीछे का चेहरा अब चर्चा का बड़ा विषय बन चुका है। कुछ ही दिनों में करोड़ों युवाओं तक पहुंच बनाने वाली इस डिजिटल मुहिम को शुरू करने वाले अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले हैं और पेशे से डिजिटल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट माने जाते हैं।
30 वर्षीय अभिजीत दीपके ने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वे फिलहाल अमेरिका की Boston University में पब्लिक रिलेशन विषय से मास्टर्स कर रहे हैं। सोशल मीडिया और डिजिटल कैंपेनिंग में उनकी पकड़ पहले से ही मजबूत मानी जाती रही है।
अभिजीत 2020 से 2022 तक Aam Aadmi Party के सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट भी रह चुके हैं। दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान वे मीम बेस्ड डिजिटल प्रचार सामग्री तैयार करते थे। बाद में उन्होंने पढ़ाई और करियर को ध्यान में रखते हुए अमेरिका का रुख किया।
कैसे आया ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का आइडिया?
बताया जा रहा है कि युवाओं और बेरोजगारी को लेकर हुई एक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर “कॉकरोच” शब्द ट्रेंड करने लगा। इसी दौरान अभिजीत ने X पर एक पोस्ट में सवाल पूछा कि “अगर सारे कॉकरोच एक साथ आ जाएं तो क्या होगा?” इस पोस्ट पर युवाओं का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और वहीं से “कॉकरोच जनता पार्टी” बनाने का आइडिया तैयार हो गया।
कुछ ही दिनों में यह पेज मीम्स, व्यंग्य और युवा मुद्दों की वजह से वायरल हो गया। पार्टी ने “वन इमोजी चैलेंज” शुरू किया, जिसमें लोगों से अपने सोशल मीडिया बायो में कॉकरोच इमोजी लगाने की अपील की गई। इसके बाद #CockroachJantaParty तेजी से ट्रेंड करने लगा।
युवाओं को क्यों पसंद आ रही CJP
विशेषज्ञ मानते हैं कि CJP की लोकप्रियता के पीछे सबसे बड़ा कारण युवाओं से सीधा जुड़ाव है। बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और नौकरी की अस्थिरता जैसे मुद्दों पर पार्टी लगातार मीम्स और डिजिटल कंटेंट बना रही है।
देशभर में NEET पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर पहले से ही गुस्सा देखने को मिल रहा था। ऐसे माहौल में CJP ने इंटरनेट पर युवाओं की नाराजगी को मजाकिया लेकिन असरदार अंदाज में सामने रखा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में हर साल लाखों ग्रेजुएट नौकरी की तलाश में संघर्ष कर रहे हैं। बड़ी टेक कंपनियों में लगातार छंटनी और रोजगार संकट ने भी युवाओं की बेचैनी बढ़ाई है। यही वजह है कि “कॉकरोच जनता पार्टी” इंटरनेट पर केवल मीम पेज नहीं, बल्कि युवाओं की डिजिटल आवाज बनती नजर आ रही है।
