भिवाड़ी, 19 अप्रैल । औद्योगिक क्षेत्र खुशखेड़ा (भिवाड़ी) में एक पशु आहार बनाने वाली फैक्ट्री में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरी यूनिट इसकी चपेट में आ गई और भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग फैक्ट्री के अंदर स्टोर किए गए कच्चे माल और ज्वलनशील पदार्थों में लगी, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई। आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
दमकल की बड़ी कार्रवाई
फायर अधिकारी रीको राजू खान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही खुशखेड़ा, भिवाड़ी और आसपास के इलाकों से 50 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रखी। सुबह तक आग पर काबू पाया गया लेकिन अभी भी स्थिति को ध्यान में रखा जा रहा है।
करोड़ों का नुकसान
फैक्ट्री में रखा पशु आहार, मशीनरी और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान का आकलन लगाया जा था है।
यह रही राहत की बात
अब तक किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है, हालांकि एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया गया और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
प्रशासन और फायर विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
