भिवाड़ी | 1 अगस्त 2026। यादव समाज भिवाड़ी की बैठक में आगामी 26 अगस्त को भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव मुख्य अतिथि होंगे, जबकि तिजारा विधायक महंत बाबा बालक नाथ कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा क्षेत्र के वर्तमान एवं पूर्व यादव विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के यादव नेता तथा बड़ी संख्या में यदुवंशी समाज के लोग शामिल होंगे।

यादव समाज के अध्यक्ष सत्यवीर यादव (पूर्व जिला पार्षद) और महासचिव सुभाष यादव ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी समाज का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में विभिन्न उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर अधिकारी बने 100 से अधिक प्रतिभाशाली युवाओं को “यादव-गौरव” अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ-साथ सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले समाज के प्रतिभाशाली लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मान मिलेगा। CBSE और RBSE बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 300 से ज्यादा छात्र-छात्राओं को “शिक्षा-गौरव” अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा।
बैठक के दौरान आगामी सामाजिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। महिला प्रकोष्ठ द्वारा तीज महोत्सव आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में अध्यक्ष सत्यवीर यादव, महासचिव सुभाष यादव, कोषाध्यक्ष कमलेश यादव, पूर्व अध्यक्ष सुभाष यादव, राजेश यादव, उपाध्यक्ष अजीत यादव, राजबीर यादव, सुरेंद्र यादव, अनूप यादव, कैप्टन सुरेंद्र यादव, राकेश यादव, बी.एल. यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
