नई दिल्ली | 16 अप्रैल 2026
दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर बिगड़ती हवा को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का पहला चरण (GRAP-1) तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।
यह फैसला तब लिया गया जब क्षेत्र का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गया। गुरुवार को दिल्ली का AQI करीब 226 दर्ज किया गया, जो स्वास्थ्य के लिए चिंताजनक माना जाता है। आयोग के अनुसार, मौजूदा मौसमीय परिस्थितियों के कारण प्रदूषण स्तर में सुधार की संभावना फिलहाल कम है और अगले दो दिनों तक AQI इसी श्रेणी में बने रहने का अनुमान है।
GRAP-1 लागू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में कई अहम कदम उठाए गए हैं। इसके तहत निर्माण और विध्वंस गतिविधियों पर नियंत्रण, सड़कों की धूल कम करने के लिए पानी का छिड़काव, औद्योगिक उत्सर्जन पर निगरानी और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के उपाय शामिल हैं।
इसके अलावा खुले में कचरा जलाने पर सख्ती, मैकेनिकल रोड सफाई और लोगों को सार्वजनिक परिवहन के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि प्रदूषण स्तर और न बढ़े। सभी संबंधित एजेंसियों और विभागों को इन नियमों को सख्ती से लागू करने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रदूषण नियंत्रण में सहयोग करें।
विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते उठाए गए ये कदम प्रदूषण को और गंभीर स्तर तक पहुंचने से रोकने में मदद कर सकते हैं।
