जयपुर, 21 मई। राजस्थान में सहकारी मॉडल पर आधारित देश की पहली ‘भारत टैक्सी’ सेवा का विस्तार अब जयपुर तक होने जा रहा है। आमजन को सुरक्षित, भरोसेमंद और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सेवा जून माह के पहले सप्ताह में शुरू की जाएगी। खास बात यह है कि इस व्यवस्था में टैक्सी चालक ही कंपनी के वास्तविक मालिक होंगे।
सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने बुधवार को अपेक्स बैंक सभागार में आयोजित ‘भारत टैक्सी संवाद कार्यक्रम’ में सारथियों (चालकों) से संवाद करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली, लखनऊ, मुंबई और चंडीगढ़ के बाद अब जयपुर सहित अन्य शहरों में भी भारत टैक्सी सेवा शुरू होने जा रही है।
मंत्री ने कहा कि यह सेवा ‘सहकार से समृद्धि’ की भावना पर आधारित है, जिसमें टैक्सी चलाने वाला चालक ही मालिक होगा। उन्होंने बताया कि भारत टैक्सी मॉडल स्वामित्व, सुरक्षा कवच, सम्मान और लाभांश के समान वितरण के सिद्धांतों पर कार्य करेगा। इससे चालकों को निजी कंपनियों की मनमानी और छिपे शुल्कों से राहत मिलेगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत टैक्सी में किसी भी चालक का अकाउंट बिना सुनवाई के बंद नहीं किया जाएगा। साथ ही चालकों को हिडन चार्जेज और मनमाने सब्सक्रिप्शन शुल्क से मुक्ति मिलेगी। इससे उनकी आय और आर्थिक स्थिति में सुधार आने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान कई चालकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि निजी टैक्सी कंपनियों के साथ काम करते समय उन्हें शोषण और कम आय जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने भारत टैक्सी को स्वदेशी और चालक हितैषी पहल बताते हुए इसे राजस्थान में सफल बनाने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर डॉ. सूरज सिंह नेगी, अतिरिक्त रजिस्ट्रार भोमाराम, अपेक्स बैंक के प्रबंध निदेशक रणजीत सिंह चूंडावत तथा भारत टैक्सी जयपुर के सिटी हेड अभिषेक चारण भी मौजूद रहे।
