अलवर, 13 अप्रैल |
अलवर शहर की सुंदरता और पहचान को नई दिशा देने के लिए अब शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर आकर्षक स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। इस योजना के तहत बहरोड़ रोड, तिजारा रोड, रामगढ़ रोड और ढाई पैड़ी सहित चारों मुख्य एंट्री पॉइंट को खास डिजाइन के गेट से सजाया जाएगा।
इस संबंध में वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने नगर निगम और नगर विकास न्यास (UIT) के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थानों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि द्वारों का निर्माण शहर की सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक डिजाइन को ध्यान में रखते हुए किया जाए।
मंत्री शर्मा ने कहा कि इन प्रवेश द्वारों के बनने से अलवर की एक अलग पहचान बनेगी और बाहर से आने वाले लोगों को शहर का सकारात्मक और आकर्षक पहला प्रभाव मिलेगा। साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
अधिकारियों ने बताया कि योजना को जल्द ही अंतिम रूप देकर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। डिजाइन और संरचना को लेकर भी विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि यह द्वार लंबे समय तक शहर की खूबसूरती बढ़ाते रहें।
