खैरथल-तिजारा, 26 अगस्त 2026। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को तिजारा कस्बे में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभाग की टीम ने एक होटल में कार्रवाई करते हुए करीब 25 लीटर उपयोग में लिया जा चुका खराब रिफाइंड सोयाबीन तेल नष्ट करवाया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के दिशा-निर्देश में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर बाईपास टोल टैक्स के नजदीक स्थित मैसर्स सम्राट होटल एंड रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।
होटल में साफ-सफाई मिली असंतोषजनक
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके अलावा पकौड़े बनाने के लिए रिफाइंड सोयाबीन तेल का बार-बार इस्तेमाल किया जाना भी सामने आया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने पकौड़े बनाने में उपयोग किए जा रहे पनीर और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए। दोनों नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
25 लीटर खराब तेल मौके पर नष्ट
निरीक्षण के दौरान होटल में करीब 25 लीटर इस्तेमाल किया जा चुका खराब रिफाइंड सोयाबीन तेल पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की मौजूदगी में इस तेल को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।
विभाग के अनुसार खाद्य प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
7 दिन का इंप्रूवमेंट नोटिस
खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रतिष्ठान संचालक को 7 दिवस का इंप्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया है। नोटिस में प्रतिष्ठान की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार करने और निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित अवधि में सुधार नहीं होने पर प्रतिष्ठान का फूड रजिस्ट्रेशन निलंबित किए जाने की कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में महिपाल सिंह एवं सुभाष भी मौजूद रहे।
