अलवर, 04 अगस्त 2026। रामगढ़ क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने उप जिला अस्पताल रामगढ़ के नए भवन के निर्माण के लिए भूमि आवंटन की स्वीकृति जारी कर दी है। भूमि उपलब्ध होने के बाद अब अस्पताल भवन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

गौरतलब है कि राज्य सरकार की बजट घोषणा 2025-26 के तहत रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह के प्रयासों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामगढ़ को उप जिला अस्पताल में क्रमोन्नत किया गया था। अस्पताल के निर्माण के लिए राज्य सरकार पहले ही 42 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर चुकी है। वहीं, हाल ही में 16 करोड़ 90 लाख रुपये की राशि भी संबंधित विभाग को जारी की गई है।
राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार नगर पालिका क्षेत्र रामगढ़ में उप जिला अस्पताल के नवीन भवन के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है। विधायक सुखवंत सिंह ने बताया कि भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब विभाग जल्द ही भवन निर्माण कार्य शुरू करेगा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना को साकार करने में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर तथा अलवर जिला प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है।
क्षेत्रवासियों को मिलेगा बेहतर इलाज
नए उप जिला अस्पताल के निर्माण के बाद रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। गंभीर मरीजों को उपचार के लिए अन्य शहरों की ओर कम जाना पड़ेगा और आमजन को सरकारी योजनाओं के तहत बेहतर एवं निशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
भूमि आवंटन की स्वीकृति के साथ ही क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा और वर्षों से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग पूरी होगी।
