अलवर, 10 जुलाई 2026। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की ओर से शुक्रवार को महल चौक स्थित पार्क में साइबर सुरक्षा एवं ग्राहक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने आमजन को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल लेनदेन और बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर शाखा प्रबंधक ऋतिक भारद्वाज ने कहा कि “सुरक्षा ही सबसे बड़ा बचाव है। आज के दौर में साइबर ठग लोगों को डर या लालच देकर अपने जाल में फंसाते हैं। यदि हम जागरूक रहें और सोच-समझकर निर्णय लें, तो अधिकांश साइबर फ्रॉड से बचा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में साइबर अरेस्ट, फर्जी पुलिस या सरकारी अधिकारी बनकर कॉल करना, लिंक भेजकर जानकारी चुराना और ओटीपी हासिल करने जैसे मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। ऐसी स्थिति में किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय उसकी सत्यता की जांच करनी चाहिए।
किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें
बैंक मैनेजर ने कहा कि ग्राहक कभी भी अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, पिन या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने बताया कि एसबीआई की ओर से आने वाली आधिकारिक कॉल में प्रायः 1600 सीरीज के नंबर दिखाई देते हैं, इसलिए ग्राहकों को सतर्क रहना चाहिए और संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत जांच-पड़ताल करनी चाहिए।
उन्होंने लोगों को जानकारी देते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार का साइबर फ्रॉड हो जाए तो तुरंत SBI हेल्पलाइन 1800 1234 पर शिकायत दर्ज कराएं। आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने के बाद बैंक द्वारा खाते को तत्काल होल्ड करने सहित जरूरी कार्रवाई की जा सकती है, जिससे नुकसान को कम करने में मदद मिलती है।
बुजुर्ग ग्राहकों के सम्मान पर भी हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने आमजन की बैंकिंग संबंधी समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का प्रयास किया। पेंशनर हरिबाबू अवस्थी ने सुझाव दिया कि बैंक में आने वाले बुजुर्ग ग्राहकों को सम्मानपूर्वक बैठने की व्यवस्था मिले और कर्मचारियों का व्यवहार सहयोगपूर्ण होना चाहिए।
इस पर शाखा प्रबंधक ऋतिक भारद्वाज ने कहा कि “ग्राहक हमारी प्राथमिकता हैं। यदि किसी ग्राहक को किसी कर्मचारी के व्यवहार से शिकायत हो तो वह सीधे मेरे पास आकर अपनी बात रख सकता है। मेरे केबिन का दरवाजा हमेशा ग्राहकों के लिए खुला रहता है।
कार्यक्रम के अंत में बैंक प्रबंधन ने उपस्थित सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक विक्रम सिंह ने किया।
इस अवसर पर उप प्रबंधक गोविंद गर्ग, सहायक प्रबंधक दक्ष सक्सेना, सहायक महाप्रबंधक अविनाश अवस्थी सहित बैंक के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
