बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा, देशभक्ति थीम पर रंगारंग आयोजन की रूपरेखा तय
अलवर, 07 जुलाई 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर वर्ष आयोजित होने वाले स्वतंत्रता गौरव उत्सव की तैयारियों को लेकर स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति की बैठक उत्सव मंडप, अलवर में समिति अध्यक्ष गौरीशंकर विजय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त की शाम 7 बजे अलवर के शहीद स्मारक पर देशभक्ति थीम पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही घर-घर दीप जलाने के अभियान को राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे देश में जन-आंदोलन के रूप में पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
समिति सदस्य हेमचंद्र विजय और अजीत सोनी ने बताया कि समिति पिछले 10 वर्षों से अलवर सहित देश के विभिन्न राज्यों में इस आयोजन का संदेश पहुंचाने का कार्य कर रही है। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति सदस्य मुकेश विजय, गौरव शर्मा और विश्वेश्वर विजय ने कार्यक्रम के संदेश को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए अपने विचार रखे। इस दौरान समिति के नए सदस्य रूपेश गुप्ता का स्वागत प्रकाश गुप्ता, विशाल विजय और मनोज विजय ने किया।
समिति अध्यक्ष गौरीशंकर विजय ने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और सीमा पर शहीद हुए अमर जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा राष्ट्र की सुरक्षा में तैनात सैनिकों का दीप प्रज्ज्वलित कर उनका उत्साहवर्धन करना है। उन्होंने बताया कि समिति पिछले एक दशक से मीडिया, सेना और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से राजस्थान सहित देश के कई राज्यों में इस आयोजन को सफलतापूर्वक आयोजित करती आ रही है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में समिति का प्रयास है कि 15 अगस्त की शाम हर घर में शहीदों और सैनिकों के सम्मान में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएं, ताकि यह अभियान एक राष्ट्रीय जन-आंदोलन का रूप ले सके।
