अलवर, 19 जून। भार्गव आश्रम में संचालित 8 दिवसीय निःशुल्क योग एवं ध्यान शिविर के अंतर्गत शुक्रवार को आयोजित सत्र में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में दिनेश भार्गव ने उपस्थित साधकों को संबोधित करते हुए जीवन में योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। साथ ही इस जनहितकारी आयोजन के लिए भार्गव युवा संघ, अलवर के प्रयासों की सराहना की। योग शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक क्लैप योग (Clap Yoga) का अभ्यास किया।
इस विशेष योग क्रिया से पूरे परिसर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ और प्रतिभागियों ने आनंदपूर्वक योग सत्र का लाभ उठाया। सत्र के समापन पर भार्गव सभा, अलवर के अध्यक्ष च्यवन भार्गव की ओर से सभी प्रतिभागियों को फल वितरित किए गए। इस अवसर पर नियमित योग, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया। शिविर में बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य एवं आत्मिक शांति के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया।
