जयपुर, 18 मई। राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी “वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026” के तहत इस वर्ष प्रदेश के 56 हजार वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। देवस्थान विभाग द्वारा 50 हजार यात्रियों को रेल मार्ग तथा 6 हजार वरिष्ठजनों को हवाई मार्ग से तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे।
देवस्थान विभाग के आयुक्त Laxmi Narayan Mantri ने बताया कि योजना के लिए शीघ्र ही आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। आवेदन से जुड़ी जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
15 प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा
राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुसार 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को देश के 15 प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी।
विशेष बात यह है कि हवाई मार्ग से नेपाल स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर की यात्रा भी इस योजना में शामिल की गई है।
लॉटरी सिस्टम से होगा चयन
अतिरिक्त आयुक्त Gitesh Shri Malviya ने बताया कि यात्रियों का चयन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का राजस्थान का मूल निवासी होना जरूरी है। आवेदन ई-मित्र या स्वयं ऑनलाइन माध्यम से किए जा सकेंगे।
ये दस्तावेज होंगे जरूरी
- जन आधार कार्ड
- स्वास्थ्य प्रमाण पत्र
- आयकरदाता नहीं होने का शपथ पत्र
- पूर्व में योजना का लाभ नहीं लेने का घोषणा पत्र
- मतदाता पहचान पत्र
विभाग ने आवेदन करने वाले वरिष्ठ नागरिकों से आवेदन रसीद सुरक्षित रखने की अपील की है।
जल्द जारी होगी आवेदन तिथि
देवस्थान विभाग ने कहा है कि आवेदन शुरू होने की तारीख और विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे।
