उत्तरप्रदेश, 2 मई 2026।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शादी से पहले एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां दूल्हे आजाद की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात उस समय हुई जब वह बारात लेकर विवाह स्थल की ओर जा रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो युवकों (उम्र करीब 22-25 वर्ष) ने पहले दूल्हे की कार को ओवरटेक कर रोका और फिर पेशेवर अंदाज में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली आजाद के चेहरे, पेट और शरीर के निचले हिस्से में लगी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दूल्हे के भाई आकाश ने बताया कि हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। घटना के पीछे आपसी रंजिश और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से जुड़ी संगत को वजह माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आजाद को पहले से खतरे की आशंका थी और उसे धमकियां भी मिली थीं। कुछ लोग इस मामले को प्रेम प्रसंग (आशनाई) से जोड़कर भी देख रहे हैं।
इधर, दुल्हन पक्ष के लोग रात करीब साढ़े नौ बजे तक इस वारदात से अनजान थे और बारात के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे। जैसे ही दूल्हे की हत्या की खबर पहुंची, वहां हड़कंप मच गया और शादी का माहौल मातम में बदल गया। दुल्हन सहित परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना के बाद दूल्हे के घर भी शोक की लहर दौड़ गई है। आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
