इस्लामाबाद | 11 अप्रैल 2026
अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव को कम करने के लिए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अहम वार्ता आयोजित की जा रही है। इस हाई-प्रोफाइल बातचीत के लिए सेरेना होटल को चुना गया है, जिसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं कि आखिर यही होटल क्यों चुना गया।
दरअसल, इसके पीछे कई अहम रणनीतिक और सुरक्षा कारण हैं।
हाई सिक्योरिटी जोन में लोकेशन
सेरेना होटल इस्लामाबाद के रेड जोन में स्थित है, जहां सरकारी दफ्तर, दूतावास और संवेदनशील संस्थान मौजूद हैं। इस वजह से यहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद मजबूत रहती है।
सरकार ने पूरे होटल को किया खाली
पाकिस्तान सरकार ने इस वार्ता के लिए पूरे होटल को अपने नियंत्रण में ले लिया और सभी मेहमानों को बाहर करवा दिया गया। इससे गोपनीयता और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हो सकें।
अंतरराष्ट्रीय स्तर का फाइव स्टार होटल
यह होटल एक प्रतिष्ठित 5-स्टार प्रॉपर्टी है, जहां पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ठहर चुके हैं। इसमें प्रेसिडेंशियल सुइट, कॉन्फ्रेंस हॉल और निजी बैठक के लिए खास सुविधाएं मौजूद हैं।
गोपनीय वार्ता के लिए उपयुक्त ढांचा
होटल का डिजाइन इस तरह का है कि अलग-अलग टीमों को अलग स्थान पर रखकर बातचीत करवाई जा सकती है, जिससे संवेदनशील मुद्दों पर बिना दबाव चर्चा हो सके।
कड़ी सुरक्षा और कंट्रोल
वार्ता से पहले पूरे इलाके को सील कर दिया गया है, हजारों सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और सड़कें बंद कर दी गई हैं। इससे यह इलाका पूरी तरह “सुरक्षित कूटनीतिक क्षेत्र” बन गया है।
क्यों अहम है ये बैठक?
यह वार्ता उस समय हो रही है जब हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध जैसी स्थिति बनी थी और एक नाजुक युद्धविराम लागू हुआ है। इस बैठक का मकसद उसी संघर्ष को स्थायी शांति में बदलना है।
