वॉशिंगटन , 24 मई 2026। अमेरिका के व्हाइट हाउस के पास फायरिंग कर हड़कंप मचाने वाले संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय नसीरे बेस्ट (Nasire Best) के रूप में हुई है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया। घटना के समय पूर्व राष्ट्रपति Donald Trump व्हाइट हाउस में मौजूद थे, लेकिन सुरक्षित रहे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नसीरे बेस्ट मैरीलैंड का रहने वाला था और पहले भी कई बार व्हाइट हाउस के आसपास संदिग्ध गतिविधियों के चलते सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में रह चुका था। उस पर व्हाइट हाउस परिसर से दूर रहने के लिए “स्टे-अवे ऑर्डर” भी जारी किया गया था।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब 6 बजे वह व्हाइट हाउस के पास 17th स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू स्थित सुरक्षा चेकपॉइंट पर पहुंचा और बैग से हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे गोली मार दी।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि नसीरे बेस्ट मानसिक रूप से परेशान था और खुद को “Jesus Christ” बताता था। पिछले साल भी वह व्हाइट हाउस परिसर में घुसने की कोशिश कर चुका था।
घटना में एक राहगीर भी घायल हुआ है। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि उसे संदिग्ध की गोली लगी या जवाबी फायरिंग में चोट आई। घटना के बाद पूरे इलाके को कुछ समय के लिए लॉकडाउन कर दिया गया और FBI समेत कई एजेंसियां जांच में जुट गईं।
