फव्वारा पाइपलाइन अनुदान फाइल पास कराने के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत, भिवाड़ी एसीबी चौकी ने किया ट्रैप
भिवाड़ी, 07 अप्रैल। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की भिवाड़ी चौकी ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खैरथल-तिजारा जिले में एक कृषि पर्यवेक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सिहाली खुर्द, तहसील मुंडावर में कार्यरत कृषि पर्यवेक्षक रामस्वरूप पर किसान से अनुदान संबंधी फाइल स्वीकृत कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
परिवादी ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसने अपने और परिवार के सदस्यों के नाम से फव्वारा पाइपलाइन अनुदान के लिए राजस्थान किसान पोर्टल पर आवेदन किया था। आरोप है कि संबंधित कर्मचारी ने फाइल पास कराने के बदले पहले ऑनलाइन माध्यम से राशि लेने के साथ अतिरिक्त पैसे की मांग कर परेशान किया।शिकायत की सत्यता जांचने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
एसीबी के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में भिवाड़ी चौकी प्रभारी और टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को परिवादी से 1000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले सत्यापन प्रक्रिया के दौरान भी आरोपी द्वारा राशि लेने की पुष्टि हुई थी।
आगे की कार्रवाई
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
