एनसीआर संदेश /अलवर 04 मार्च । राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री एवं अलवर शहर विधायक संजय शर्मा ने बुधवार को अपने निवास पर आमजन और कार्यकर्ताओं के साथ हर्षोल्लास के माहौल में होली खेली। कार्यक्रम में फूलों और हर्बल गुलाल से होली खेली गई, जिससे पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित होली मनाने का सकारात्मक संदेश भी दिया गया।

होली मिलन समारोह में जिलेभर से बड़ी संख्या में लोग मंत्री के निवास पर पहुंचे। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और भाईचारे व सौहार्द का परिचय दिया। इस दौरान होली के पारंपरिक गीतों पर उत्साह का माहौल देखने को मिला, जहां वन मंत्री संजय शर्मा ने भी लोगों के साथ जमकर ठुमके लगाए और सभी के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में आए लोगों के लिए नाश्ते एवं पेयजल की विशेष व्यवस्था भी की गई थी। उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सद्भाव और जनसंपर्क का सुंदर उदाहरण बताया।
इस अवसर पर पंडित जलेसिंह, जितेंद्र राठौड़, मनोज शर्मा, दिलीप नरुका, आकाश मिश्रा, रजनीश जैमन, जीतू गुर्जर, जीतू चौधरी, अंकित सैनी, झामनलाल सैनी, यशोधन पाराशर, विनोद शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं शहर के आमजन मौजूद रहे।
होली मिलन के दौरान मंत्री ने सभी को प्रेम, भाईचारे और पर्यावरण के प्रति जागरूकता और एक पेड़ माँ के नाम लगाने के साथ होली मनाने की शुभकामनाएं दीं।
