जयपुर, 2 मार्च। पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत होली के उपलक्ष्य में पुरजन विहार (कम्पनी बाग) में रविवार शाम ‘पलाश उत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
वन राज्य मंत्री ने उपस्थित जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंच गौरव के तहत आयोजित ऐसे कार्यक्रम जिले की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच हैं। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का पर्व है, जो समाज को आपसी एकता के सूत्र में बांधता है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा तैयार आर्गेनिक हर्बल गुलाल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है।
पर्यटन विभाग की उप निदेशक टीना यादव ने बताया कि कार्यक्रम में आकर्षक फोटो प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें अलवर के पंच गौरव पर्यटन स्थल सरिस्का के प्राकृतिक सौंदर्य और वन्य जीवों को प्रदर्शित किया गया। वहीं वन विभाग द्वारा आयोजित पलाश प्रदर्शनी में पलाश वृक्ष के महत्व, संरक्षण और उससे बनने वाले उत्पादों, विशेष रूप से हर्बल गुलाल की जानकारी दी गई।
सांस्कृतिक संध्या में बाड़मेर के प्रसिद्ध लोक कलाकार भुंगर खान लंगा ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि जयपुर के मोरू सपेरा ने पारंपरिक कला का शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही स्थानीय लोक कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति की जीवंत झलक पेश की, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में डीएफओ राजेन्द्र हुड्डा, पर्यटन विभाग की उप निदेशक टीना यादव, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पं. जले सिंह, अजय शर्मा सहित गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
