अलवर, 20 फरवरी 2026। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलवर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफिया पर शिकंजा कसा है। अभियान के दौरान कुल 15 डंपर, 14 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 1 जेसीबी मशीन जब्त की गई है। पुलिस ने 4 प्रकरण दर्ज कर 3 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) कांबले शरण गोपीनाथ एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. प्रियंका के निर्देशन में जिलेभर में यह संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने खनन विभाग, परिवहन विभाग और वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की।
इन थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
अभियान के तहत टहला, उद्योग नगर, गोविंदगढ़, सदर, नौगांव, अरावली विहार, मालाखेड़ा, वैशाली नगर, विजय मंदिर, रैणी और प्रतापगढ़ थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। कई स्थानों से अवैध खनन सामग्री से भरे डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। मालाखेड़ा थाना क्षेत्र से एक जेसीबी भी जब्त की गई। गोविंदगढ़ और रैणी थाना क्षेत्र में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिला पुलिस की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
