जयपुर | 16 फरवरी 2026 / मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को 3-3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन और पीड़ादायक समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और उन्हें हरसंभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक पीड़ित परिवार तक सरकार की ओर से घोषित सहायता तत्काल और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाई जाए। साथ ही उन्होंने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से समीक्षा करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।
राज्य सरकार द्वारा राहत, उपचार और सहायता कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र न्याय और सहयोग मिल सके।
