अलवर, 28 जनवरी 2026। शहर के गाय वाला मोहल्ला स्थित मीट मार्केट रोड के पास बना नाला आज स्थानीय लोगों के लिए भारी परेशानी और खतरे का कारण बन चुका है। नाले के किनारे सुरक्षा दीवार का अभाव, सड़क पर फैला गंदा कचरा और ऊपर से अवैज्ञानिक ढंग से बना करीब ढाई फीट ऊंचा ब्रेकर, राहगीरों की जान पर बन आया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले की नियमित सफाई नहीं होने के कारण उसका गंदा पानी और कचरा पूरे रोड पर फैल चुका है। सड़क इतनी फिसलन भरी हो गई है कि दोपहिया वाहन चालक आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं, वहीं पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है।


जिस रोड से रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं, उसी रोड पर बना ब्रेकर सड़क से करीब ढाई फुट ऊंचा है। गंदगी और कीचड़ के कारण वाहन फिसल जाते हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए हालात और भी खतरनाक हो गए हैं।
महामारी फैलने का खतरा
नाले में जमा गंदगी और सड़ते कचरे से मच्छर, मक्खियां और दुर्गंध फैल रही है। स्थानीय निवासियों को डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका सता रही है। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से न तो स्थायी समाधान किया गया और न ही नियमित सफाई की व्यवस्था की गई।
नगर निगम की अनदेखी पर सवाल
लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले, ज़मीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।
स्थानीय लोगों की मांग
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि—
नाले के दोनों ओर पक्की सुरक्षा दीवार बनाई जाए
सड़क और नाले की तत्काल सफाई करवाई जाए
ब्रेकर को मानकों के अनुसार ठीक किया जाए
क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
यदि समय रहते नगर निगम ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, तो यह समस्या किसी बड़ी दुर्घटना या महामारी का रूप ले सकती है, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह नगर निगम प्रशासन की होगी।
पूर्व पार्षद ने ब्रेकर तोड़ने की मांग
पूर्व पार्षद गोरीशंकार विजय ने बताया कि मीट मार्किट के सामने रोड पर गलत तरिके से ब्रेकर बना तखा हैं जो जमीन से ढाई फ़ीट ऊँचा हैं जिसपर वाहन चलते समय गिर जाता हैं। कई दुर्घटनाये हो चुकी हैं। निगम कि लापरवाही के कारण नाले पर दिवार नहीं हैं। जिस कारण वाहन नाले में गिर सकता हैं और बड़ा हादसा हो सकता हैं।
